सफीदों, (एस• के• मित्तल) : आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार में एसडीएम पुलकित मल्होत्रा की अध्यक्षता में समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं, जिनका मौके पर ही अधिकारियों के माध्यम मौके पर ही समाधान कर दिया गया। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने कहा कि हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार सप्ताह के प्रत्येक सोमवार और वीरवार को जिला स्तर एवं उप मंडल स्तर पर समाधान शिविरों का आयोजन किया जाता है। ये समाधान शिविर आमजन और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं। इन शिविरों के जरिए नागरिकों को अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखने और उनका समाधान करवाने का अवसर मिलता है। प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक नागरिक की समस्या को गंभीरता से सुना जाए और उसे समयबद्ध तरीके से राहत प्रदान की जाए। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी शिकायत का समाधान ऐसा होना चाहिए, जिससे संबंधित व्यक्ति को स्थायी राहत मिले और उसे एक ही कार्य के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। वहीं, जिन मामलों में जांच या अन्य विभागीय प्रक्रिया आवश्यक है, उनमें निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई पूरी की जाए। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रशासन का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि लोगों को उनकी समस्याओं से वास्तविक और स्थायी राहत दिलाना है। इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय, पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है। अधिकारियों को चाहिए कि वे जनहित को सर्वोपरि रखते हुए समस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी से बचें और प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से निस्तारण करें। इस अवसर पर नायब तहसीलदार संजय परासर, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()











