जनता के समस्याओं का समयबद्ध तरीके से हो समाधान: विधायक रामकुमार गौतम

16
Ramkumar Gautam

कार्यकर्ताओं से नितिन नबीन व अमित शाह के कार्यक्रमों में भाग लेने का किया आह्वान

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों के विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि सभी विभागों के अधिकारी आमजन से जुड़े कार्यों को पूरी जिम्मेदारी, ईमानदारी और गंभीरता से करें। जनता की समस्याओं का समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि किसी भी व्यक्ति को अपनी जायज समस्या के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की समस्या का समाधान भी पूरी संवेदनशीलता और तत्परता से किया जाना चाहिए। विधायक रामकुमार गौतम वीरवार को सफीदों स्थित लोक निर्माण विश्राम गृह में विधानसभा क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान लोगों ने बिजली, पानी, सड़क, परिवहन, सुरक्षा, चिकित्सा, परिवार पहचान पत्र, सड़कों पर लाइटों सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। विधायक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में केंद्र एवं हरियाणा सरकार द्वारा जनकल्याण और विकास को प्राथमिकता देते हुए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य गरीब, किसान, महिला, युवा, बुजुर्ग और जरूरतमंद वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। अधिकारियों को चाहिए कि वे पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं की जानकारी दें और निर्धारित नियमों के अनुसार लाभ उपलब्ध करवाएं। विधायक रामकुमार गौतम ने भाजपा कार्यकताओं, सरपंचों व जनप्रतिनिधियों से 1 नवंबर को रोहतक में आयोजित भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन तथा 5 नवंबर को करनाल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। इस मौके पर एसडीएम पुलकित मल्होत्रा, नायब तहसीलदार संजय कुमार, पूर्व विधायक कली राम पटवारी विशेष रूप से मौजूद रहे।

Loading