गुरुग्राम के सेक्टर-49 स्थित पॉश सोसाइटी रोजवुड सिटी में सी-ब्लॉक रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) के अध्यक्ष अशोक कुमार को धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में अशोक कुमार ने सेक्टर-50 थाना प्रभारी और पुलिस कमिश्नर को लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
पुलिस को दी गई शिकायत में अशोक कुमार ने आरोप लगाया कि पूर्व में सुरक्षा को लेकर शिकायतें देने के बावजूद एक अज्ञात व्यक्ति उत्तर प्रदेश नंबर की कार में सवार होकर रोजवुड सिटी पहुंचा। शिकायत के अनुसार, उक्त व्यक्ति ने मौके पर आकर उन्हें सीधे तौर पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
घटना के बाद से सोसाइटी के निवासियों और आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों में चिंता का माहौल है। अशोक कुमार ने अपनी शिकायत के समर्थन में घटना से संबंधित तस्वीरें और वीडियो फुटेज भी पुलिस को सौंपे हैं, ताकि मामले की जांच में इन साक्ष्यों का उपयोग किया जा सके।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्यक्ति की पहचान करने, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की है। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच और आधिकारिक कार्रवाई का इंतजार है।
![]()











