जूस पीने पहुंचे ग्राहक के पैर पर चढ़ा 6 फीट लंबा अजगर: नरम तकिए जैसा हुआ अहसास, पौने घंटे की मशक्कत के बाद किया रेस्क्यू

11
Kurukshetra News

कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा में एक जूस की दुकान पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जूस पीने पहुंचे एक ग्राहक के पैर के नीचे अचानक करीब 6 फीट लंबा अजगर आ गया। ग्राहक को पहले पैर के नीचे किसी नरम तकिए जैसी चीज का अहसास हुआ। तभी पास खड़े एक व्यक्ति ने बताया कि उसके पैर के नीचे सांप है। यह सुनते ही ग्राहक घबरा गया और तुरंत अपना पैर पीछे खींच लिया।

पैर के नीचे आया अजगर

जानकारी के अनुसार, गढ़ी सिंघा गांव निवासी करीब 40 वर्षीय मनजीत सिंह पिहोवा बस स्टैंड के पास एक जूस की दुकान पर पहुंचे थे। इसी दौरान दुकान में घुस रहे अजगर पर उनका पैर पड़ गया। शुरुआत में उन्हें कुछ समझ नहीं आया, लेकिन पास खड़े व्यक्ति के बताने पर उन्होंने नीचे देखा तो वहां विशाल अजगर मौजूद था।

दुकान के बिल में जा छिपा

अजगर को देखकर दुकानदार और वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। दुकान के कर्मचारियों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन अजगर दुकान के पिछले हिस्से में बने एक बिल में घुस गया। उसका अधिकांश शरीर बिल के अंदर चला गया, जिससे उसे बाहर निकालना मुश्किल हो गया।

45 मिनट की मशक्कत के बाद रेस्क्यू

कर्मचारियों ने पहले अजगर को खींचकर बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद बिल के आसपास खुदाई की गई। करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद अजगर को बाहर निकालकर कपड़े की मदद से काबू किया गया।

अजगर की लंबाई करीब 6 फीट और वजन लगभग 10 किलो बताया गया है। बाद में उसे दुकान से दूर ड्रेन की पटरी के पास छोड़ दिया गया। घटना के दौरान किसी के घायल होने की सूचना नहीं है

Loading