चंडीगढ़। हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के 10 अधिकारियों और कर्मचारियों को वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक के लिए चुना गया है। इन पुलिसकर्मियों को आतंकवाद विरोधी अभियानों, खुफिया सूचनाएं जुटाने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वांछित गैंगस्टर को भारत लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 31 अक्टूबर को वर्ष 2026 के लिए कुल 490 पुलिसकर्मियों और सुरक्षा अधिकारियों को इस पदक के लिए चयनित किया है। हरियाणा STF के 10 कर्मियों का चयन दो अलग-अलग श्रेणियों में हुआ है।
इन 10 पुलिसकर्मियों का हुआ चयन
1. खुफिया कार्य (Intelligence Category)
-
एसएसपी वसीम अकरम
-
डीएसपी प्रदीप
-
सब-इंस्पेक्टर वरुण
-
सिपाही वरुण जांगड़ा
2. विशेष अभियान (Special Operations Category)
-
डीएसपी अमन कुमार
-
सब-इंस्पेक्टर गौरव सिंह
-
सब-इंस्पेक्टर रणदीप सिंह
-
सब-इंस्पेक्टर कपिल
-
सब-इंस्पेक्टर संदीप
-
सिपाही साजन सिंह रावत
पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के नेटवर्क पर कार्रवाई
हरियाणा STF को विशेष अभियान श्रेणी में पाकिस्तान स्थित आतंकी शहजाद भट्टी के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई के लिए सम्मानित किया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक, STF ने खुफिया सूचनाओं, तकनीकी निगरानी और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में सक्रिय आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया था।
इस अभियान के दौरान 24 संदिग्ध आतंकियों और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया। अलग-अलग राज्यों की पुलिस एजेंसियों के साथ समन्वय भी इस कार्रवाई का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा।
जॉर्जिया से गैंगस्टर वेंकट गर्ग को भारत लाने में निभाई भूमिका
खुफिया कार्य श्रेणी में चयनित चार पुलिसकर्मियों ने अंबाला के वांछित गैंगस्टर वेंकट गर्ग को जॉर्जिया से भारत प्रत्यर्पित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस के अनुसार, वेंकट गर्ग के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, अवैध हथियार और संगठित अपराध सहित 34 मामले दर्ज थे। उसे 11 जून 2026 को जॉर्जिया से भारत लाया गया था।
इस कार्रवाई में हरियाणा STF ने केंद्रीय एजेंसियों और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय किया था
DGP ने दी बधाई
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने पदक के लिए चयनित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पुलिसकर्मियों की सटीक खुफिया जानकारी, रणनीतिक क्षमता, साहस और पेशेवर कार्यशैली को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान है।
![]()











