गांव रोहड में करीब 60 लाख रुपये के विकास कार्यों की रखी आधारशिला
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : विधायक रामकुमार गौतम के प्रतिनिधि एवं पुत्र रजत गौतम ने कहा कि विधायक रामकुमार गौतम का संकल्प है कि सफीदों विधानसभा क्षेत्र को विकास के मामले में किसी भी सूरत में अन्य क्षेत्रों से पीछे नहीं रहने दिया जाएगा। क्षेत्र के प्रत्येक गांव में आवश्यकतानुसार विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। सड़क, पेयजल, गली निर्माण, सामुदायिक भवनों सहित मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उनका उद्देश्य सफीदों क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। इसी कड़ी में रविवार को गांव रोड में करीब 60 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों की आधारशिला रजत गौतम ने रखी। इस अवसर पर उन्होंने हलका वासियों को हरियाणा दिवस की बधाई भी दी। रजत गौतम ने गांव में विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखते हुए कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास करवाना विधायक की प्राथमिकताओं में शामिल है। शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने तथा सामाजिक एवं सामुदायिक भवनों के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विधायक के प्रयासों से क्षेत्र में विभिन्न विकास परियोजनाओं को अमलीजामा पहनाया जा रहा है। सफीदों विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों का यह पहिया दौगुणा गति से निरंतर जारी रहेगा। रजत गौतम ने गांव में थड़ा साहिब व रायसिख लंगर हॉल के निर्माण के लिए 21-21 लाख रुपये तथा रायसिख चौपाल, वाल्मीकि चौपाल व डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन के लिए 5-5 लाख रुपये धन राशि से होने वाली इन परियोजनाओं की आधारशिला रखी। रजत गौतम ने कहा कि इन विकास परियोजनाओं के पूरा होने से गांव में सामुदायिक एवं सामाजिक, धार्मिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही ग्रामीणों को सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन में भी सुविधा मिलेगी।
![]()











