गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस ने अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने मध्य प्रदेश के रहने वाले दो कथित हथियार सप्लायर दुर्गेश और नरेंद्र को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों पिछले करीब चार साल से इस अवैध कारोबार में शामिल थे। वे मध्य प्रदेश से हथियार लाकर दिल्ली-एनसीआर के बदमाशों और उनके शूटरों तक पहुंचाते थे।
मध्य प्रदेश में तैयार होते थे अवैध हथियार
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि इस नेटवर्क में हथियार बनाने से लेकर उनकी डिलीवरी तक अलग-अलग लोग काम कर रहे थे। मध्य प्रदेश के ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में अवैध फैक्ट्रियों में हथियार तैयार किए जाते थे। इसके बाद सप्लायर इन हथियारों को वाहनों में छिपाकर गुरुग्राम तक लाते थे।
यहां से हथियार दिल्ली, नोएडा, फरीदाबाद और गुरुग्राम के बदमाशों तक पहुंचाए जाते थे। पुलिस के अनुसार, नेटवर्क का संचालन कई स्तरों पर किया जा रहा था, जिससे हथियारों की सप्लाई का पूरा काम अलग-अलग लोगों के माध्यम से होता था।
मोबाइल से मिले अपराधियों से जुड़े इनपुट
पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच के दौरान कई बड़े अपराधियों से जुड़े इनपुट भी मिले हैं। इन जानकारियों के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीमें नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हैं।
पुलिस अब मध्य प्रदेश में हथियार तैयार करने वाली अवैध फैक्ट्रियों और मुख्य सप्लायरों तक पहुंचने की तैयारी कर रही है, ताकि इस नेटवर्क की पूरी सप्लाई चेन का पता लगाया जा सके।
अब तक चार सप्लायर गिरफ्तार, 13 पिस्टल बरामद
पुलिस के मुताबिक, इस नेटवर्क से जुड़े कुल चार सप्लायरों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपियों के कब्जे से अब तक 13 पिस्टल और 27 मैगजीन बरामद की गई हैं।
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क से दिल्ली-एनसीआर में कितने अपराधी जुड़े हुए थे और अब तक कितने हथियारों की सप्लाई की जा चुकी है।
![]()











