रेवाड़ी। गांव गोकलगढ़ में हुए मनोज हत्याकांड के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार देर रात धारूहेड़ा क्षेत्र में पुलिस और हत्याकांड के दो आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस टीम को सामने देखकर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। आरोपियों की ओर से पांच राउंड गोलियां चलाई गईं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से दोनों आरोपी घायल हो गए।
पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल हुए आरोपी
घायल आरोपियों की पहचान मनिंद्र और महेश के रूप में हुई है। दोनों के पैरों में गोली लगी है। पुलिस ने उन्हें काबू कर उपचार के लिए रेवाड़ी के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। पुलिस की निगरानी में दोनों का इलाज चल रहा है।
CIA टीम को मिली थी आरोपियों की लोकेशन
जानकारी के अनुसार, सीआईए रेवाड़ी को सूचना मिली थी कि मनोज हत्याकांड में शामिल आरोपी धारूहेड़ा क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस को देखते ही गोलियां चला दीं। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए।
बाइक ठीक कराने पहुंचे मनोज की हुई थी हत्या
गौरतलब है कि 4 नवंबर को गांव गोकलगढ़ निवासी मनोज बाइक ठीक कराने के लिए गांव के बस स्टैंड के पास स्थित रिपेयरिंग सेंटर पर पहुंचा था। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवकों ने उस पर फायरिंग कर दी। पेट में गोली लगने से मनोज गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने सात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। अब मनिंद्र और महेश से पूछताछ के जरिए वारदात की वजह और बाकी आरोपियों की भूमिका का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।
![]()











