लगातार दूसरे दिन देश के सबसे प्रदूषित शहरों में प्रदेश के शहर शामिल, बल्लभगढ़ 409 AQI के साथ पहले नंबर पर

10
Haryana Pollution

चंडीगढ़: हरियाणा में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के शनिवार के आंकड़ों के अनुसार, बल्लभगढ़ देश के 284 निगरानी वाले शहरों में सबसे अधिक प्रदूषित रहा। यहां एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 409 दर्ज किया गया। इससे पहले शुक्रवार को गुरुग्राम जिले का पंचगांव देश में सबसे प्रदूषित शहर रहा था।

सिरसा दूसरे और पंचगांव तीसरे स्थान पर

शनिवार के आंकड़ों में हरियाणा के सिरसा का AQI 383 दर्ज किया गया, जो देश में दूसरे स्थान पर रहा। वहीं, गुरुग्राम जिले के पंचगांव में वायु गुणवत्ता सूचकांक 377 रहा और यह देश का तीसरा सबसे प्रदूषित शहर दर्ज किया गया।

इस दौरान दिल्ली का AQI 369 रहा। यानी शनिवार को बल्लभगढ़, सिरसा और पंचगांव की हवा दिल्ली के मुकाबले अधिक प्रदूषित रही।

लगातार दूसरे दिन हरियाणा की हवा सबसे खराब शहरों में

शुक्रवार को पंचगांव में AQI 426 दर्ज किया गया था। शनिवार को बल्लभगढ़ के पहले स्थान पर पहुंचने से साफ है कि प्रदेश के अलग-अलग शहरों में प्रदूषण का स्तर लगातार गंभीर बना हुआ है। लगातार दो दिनों के आंकड़े हरियाणा में बिगड़ती वायु गुणवत्ता की स्थिति को दर्शाते हैं।

पंचकूला में सबसे कम न्यूनतम तापमान

प्रदूषण के बीच प्रदेश में मौसम भी धीरे-धीरे बदल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को पंचकूला में न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। तापमान में गिरावट के साथ अब ठंड का असर भी धीरे-धीरे बढ़ने लगा है।

स्वास्थ्य के लिहाज से चिंता बढ़ी

AQI का 400 के पार पहुंचना गंभीर श्रेणी में आता है। ऐसी स्थिति में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को प्रदूषित हवा के संपर्क में आने से बचना चाहिए।

Loading