मार्किट कमेटी सचिव ने नहीं दिए गेटपास और रोक दिए 50 ट्रक

87
Safidon grain market
Safidon grain market

मार्किट कमेटी प्रशासन व आढ़तियों के बीच जोरदार हंगामा

आढ़तियों ने दी हड़ताल की चेतावनी 

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : देर रात नगर की नई अनाज मंडी में मार्किट कमेटी सचिव द्वारा धान से भरे करीब 50 ट्रक रोकने और उनके गेट पास ना जारी करने को लेकर जोरदार हंगामा हुआ। जैसे ही मार्किट कमेटी प्रशासन ने ट्रक जाने से रोके तो मंडी में भारी जाम लग गया और भारी अव्यवस्था उत्पन्न हो गई। उसके बाद कच्चा व पक्का आढ़ती मार्किट कमेटी कार्यालय पहुंचे और वहां पर अपना रोष प्रकट किया।
उधर आढ़तियों ने सुबह मंडी बंद करने का ऐलान तक कर दिया। उसके बाद मार्किट कमेटी प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए और मार्किट कमेटी सचिव अनिल शर्मा दफ्तर से बाहर आए और आढ़तियों की खुशामद करके उनको मनाने का प्रयास किया। मिली जानकारी के अनुसार दिन भर मंडी बोली और बगैर बोली धान खरीद का कार्य चला। रात को किसानों से खरीदा गया सारा धान बोरियों में भर गया। उसके बाद मंडी से करीब 50 ट्रक धान की बोरियों से भरकर मंडी के गेट पर बाहर निकलने के लिए पहुंच गए।

जानकारी देते हुए पक्का आढ़ती संघ के प्रधान सुभाष जैन।
जानकारी देते हुए पक्का आढ़ती संघ के प्रधान सुभाष जैन।
आरोप है कि मार्किट कमेटी सचिव अनिल शर्मा व मार्किट कमेटी के नवनियुक्त चेयरमैन शेर सिंह सैनी ने उन ट्रकों का गेट पास देने से मना कर दिया और ट्रकों को बाहर निकलने नहीं दिया। इस कार्रवाई के बाद मंडी में चारो और जाम लग गया और अव्यवस्था फैल गई। वहीं मंडी के इन और आऊट गेट पूरी तरह से बंद हो गई। जो किसान मंडी में धान लेकर प्रवेश करना चाहते थे, वे प्रवेश नहीं कर पाए।
उसके बाद कच्चा व पक्का आढ़ती मार्किट कमेटी कार्यालय पहुंचे और मार्किट कमेटी प्रशासन के खिलाफ रोष प्रकट किया। यहीं नहीं आढ़तियों ने साफ कर दिया कि अगर मार्किट कमेटी सचिव की तानाशाही नहीं रूकी तो वे सुबह में हड़ताल करेंगे। आढ़तियों का कहना था कि सफीदों मंडी पूरे हरियाणा में रेट में, धान बिकवाली और उठान के मामले में एक नंबर चल रही है लेकिन मार्किट कमेटी प्रशासन इस व्यवस्था को खराब कर रहा है।
मंडी में से जो ट्रक धान की बोरियों से भरकर निकलने जा रहे थे, वह सारा माला एक नंबर में है और सभी सरकारी नियमों को पूरा करता है और उसके बाद भी इस प्रकार से ट्रकों को रोकना मार्किट कमेटी की सरासर तानाशाही है और इस तानाशाही को आढ़ती कभी भी बर्दास्त नहीं करेगा। आढ़तियों की मार्किट कमेटी सचिव द्वारा कार्यालय में बुलाकर बेइज्जती की जा रही है। आढ़तियों का कहना है कि सफीदों मंडी पुरानी अनाज मंडी है और हर रोज यहां से माल नहीं उठेगा तो अगले दिन धान कैसे मंडी में गिरवा पाएंगे।

आढ़तियों से बात करते हुए मार्किट कमेटी सचिव।
आढ़तियों से बात करते हुए मार्किट कमेटी सचिव।
आढ़तियों ने साफ किया कि अगर तानाशाही जारी रही तो वे हड़ताल करने को मजबूर होंगे। आढ़तियों के तेवर देखकर मार्किट कमेटी सचिव अनिल शर्मा ने आढ़तियों को मनाने का प्रयास किया। काफी देर हंगामे और सचिव की खुशामद के बाद आढ़ती मान गए और चले गए लेकिन साथ ही यह भी कहा कि अगर तानाशाही नहीं रूकी तो वे आंदोलनरत होने को मजबूर होंगे। हंगामें के बाद आनन-फानन में गेट पास काटे गए और ट्रकों को उनके गंतव्यों की ओर रवाना किया।
बाक्स:
क्या कहते हैं सचिव अनिल शर्मा
जब मीडिया ने सचिव अनिल शर्मा ने बात करनी चाही तो उन्होंने बात करने से मना कर दिया और कहा कि अभी मीटिंग चल रही है।
बाक्स:
क्या कहते हैं पक्का आढ़ती संघ के प्रधान
इस मामले में पक्का आढ़ती संघ के प्रधान सुभाष जैन ने कहा कि रात में ट्रकों को मंडी गेट पर रोकने की समस्या उत्पन्न हो गई थी। आढ़तियों के विरोध के बाद मार्किट कमेटी सचिव ने समस्या का निवारण कर दिया है। अब कोई विवाद शेष नहीं है। आढ़तियों ने हड़ताल का फैसला वापिस ले लिया है।

Loading