छात्रों ने दिलाई नशा-मुक्ति की शपथ
जींद : हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण व जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती पूनम सुनेजा के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) ने नशा मुक्त हरियाणा मिशन के अंतर्गत विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गांव दालमवाला में आयोजित इस जागरूकता शिविर की अध्यक्षता मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मोनिका ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राधिकरण सचिव ने विद्यार्थियों और अध्यापकों को नशे के दुष्प्रभावों, नशा मुक्ति के उपायों और परिवार व समाज पर नशे के दूरगामी खतरनाक प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त हरियाणा मिशन समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का महत्वपूर्ण प्रयास है और युवाओं को स्वस्थ जीवन शैली अपना कर इस अभियान में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए।
इस मौके पर पैनल अधिवक्ता देवराज मलिक ने NALSA की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 13 दिसंबर 2025 को किया जाएगा। कार्यक्रम में अध्यापकों व विद्यार्थियों को नशा-विरोधी शपथ दिलाई गई। इसके बाद विद्यालय के छात्रों ने गांव दालमवाला में नशा मुक्त हरियाणा मिशन के तहत जागरूकता रैली निकालकर लोगों को नशा छोड़ने का संदेश दिया।
![]()











