ऑनलाइन गेमिंग फर्म की संपत्तियों पर बड़ा शिकंजा, 117 करोड़ से ज्यादा की प्रॉपर्टी अटैच

64
Gurgaon gaming company

ED ने गुरुग्राम में 117.41 करोड़ की संपत्ति कुर्क की;

फ्लैट, अपार्टमेंट और निवेश शामिल,

‘हां-ना’ गेम से हुए करोड़ों के लेनदेन पर कार्रवाई

गुरुग्राम में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऑनलाइन गेमिंग कंपनी की कुल ₹117.41 करोड़ की संपत्ति अटैच कर दी है। जांच एजेंसी के अनुसार, कंपनी ने ‘हां या ना’ जैसे सरल गेम के जरिए करोड़ों रुपए की कमाई की और इसके बाद फर्जी लेनदेन और अलग-अलग खातों के माध्यम से धन को घुमाकर मनी लॉन्ड्रिंग की।

ED की कार्रवाई में गुरुग्राम स्थित कई फ्लैट, लग्जरी अपार्टमेंट, कमर्शियल यूनिट्स और फिक्स्ड इन्वेस्टमेंट्स को अस्थायी रूप से कुर्क किया गया है। जांच में सामने आया कि कंपनी ने अपने प्लेटफॉर्म पर लोगों को छोटे गेमिंग विकल्पों के नाम पर बड़ी रकम लगाने के लिए प्रेरित किया। इन गेमों को इस तरह डिजाइन किया गया था कि अधिकतर खिलाड़ियों को लगातार नुकसान होता रहे जबकि कंपनी को भारी मुनाफा मिलता रहे।

एजेंसी के अनुसार, लाखों लोगों ने ‘हां या ना’ जैसे बेहद सरल दिखने वाले गेम में हिस्सा लिया, लेकिन जीत की संभावना बेहद कम रखी गई थी। कंपनी ने अपनी आय को कई लेयर्स में छिपाकर अलग-अलग बैंक खातों, फिनटेक प्लेटफॉर्म्स और फर्जी कंपनियों के जरिए घुमाया, जिससे धन की असली स्रोत का पता लगाना मुश्किल हो सके।

ED का कहना है कि कंपनी द्वारा कमाया गया बड़ा हिस्सा रियल एस्टेट में निवेश किया गया, जिसके चलते गुरुग्राम के महंगे इलाकों में खरीदी गई प्रॉपर्टी को अब अटैच कर दिया गया है। जांच एजेंसी ने यह भी बताया कि कंपनी के कई डायरेक्टर और संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ जारी है और जल्द ही आरोप पत्र दाखिल किया जा सकता है।

गुरुग्राम साइबर अपराध के मामलों में पहले भी चर्चा में रहा है और ED की यह कार्रवाई ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड को लेकर एक बड़ा उदाहरण मानी जा रही है।

Loading