इंतकालों के निपटान हेतु 3 व 10 जनवरी को भी लगाए जाएंगे विशेष शिविर

52
mutation camp

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : आमजन की सुविधा एवं लंबित राजस्व मामलों के त्वरित निपटान के उद्देश्य से तहसील कार्यालय सफीदों में इंतकालों के निपटान हेतु विशेष कैंप का आयोजन किया गया। यह कैंप वित्तायुक्त एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग हरियाणा के आदेशानुसार लगाया गया। तहसीलदार राजेश गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष कैंप के दौरान कुल 76 इंतकाल मामलों का निपटारा किया गया। कैंप में भूमि से संबंधित लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर सुना गया और संबंधित पक्षकारों की उपस्थिति में नियमानुसार निर्णय लिए गए, ताकि लोगों को समय पर न्याय एवं राहत मिल सके। उन्होंने बताया कि आम नागरिकों को बार-बार तहसील कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से इस प्रकार के विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। आगे भी 3 व 10 जनवरी को इसी प्रकार के विशेष कैंप का आयोजन तहसील कार्यालय में किया जाएगा, ताकि शेष लंबित इंतकाल मामलों का शीघ्र समाधान किया जा सके। तहसीलदार ने संबंधित नागरिकों से अपील की है कि जिनके इंतकाल से संबंधित मामले लंबित हैं, वे v तिथियों पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ इन विशेष शिविरों में उपस्थित होकर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।

Loading