113 करोड़ से होगा सड़क चौड़ीकरण व फोरलेन निर्माण
जींद : हरियाणा में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। जींद से पानीपत तक सड़क निर्माण परियोजना को नई मंजूरी मिल गई है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में 27 दिसंबर को हुई HPPC बैठक में इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया को हरी झंडी दे दी गई।
हरियाणा के विकास एवं पंचायत तथा खनन मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने जानकारी देते हुए बताया कि जींद से पानीपत तक सड़क के नवीनीकरण का कार्य दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में जींद से दरियापुर मोड़ तक सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा, जिस पर लोक निर्माण विभाग द्वारा 59 करोड़ 48 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस खंड की लंबाई लगभग 50 किलोमीटर होगी।
दूसरे चरण में पानीपत से दरियापुर मोड़ तक लगभग 25 किलोमीटर लंबे मार्ग को फोरलेन बनाया जाएगा। इस कार्य पर 53 करोड़ 91 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इससे जींद, पानीपत और करनाल जिलों के बीच आवागमन और अधिक सुगम हो जाएगा।
श्री पंवार ने बताया कि सड़क निर्माण के साथ-साथ आवश्यकतानुसार जल निकासी के लिए ड्रेनों का भी निर्माण किया जाएगा, ताकि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके। इसके लिए अतिरिक्त बजट का प्रावधान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से जींद जिले की सफीदों, पानीपत जिले की इसराना तथा करनाल जिले की अंसध विधानसभा क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। बेहतर सड़क सुविधा से न केवल यातायात आसान होगा, बल्कि व्यापार, उद्योग और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
मंत्री श्री पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में विकास कार्यों को नई दिशा मिली है। सड़कों, पुलों और संपर्क मार्गों के सुदृढ़ीकरण पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस सड़क परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में विकास का नया अध्याय शुरू होगा।
![]()











