स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाएं स्थापित करवाने को लेकर एसडीएम ने किया दौरा

54
Statues Installation

शहीदों की स्मृति से जुड़ेगा सफीदों, प्रशासन की पहल से चौक-चौराहों पर दिखेगा बलिदान का गौरव

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों के एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी एवं देश को आजादी दिलवाने वाले शहीद हमारे गर्व एवं गौरव का प्रतीक हैं। उनकी स्मृतियों को संजोने और नई पीढ़ी में देश भक्ति की भावना को और प्रबल करने के उद्देश्य से सफीदों शहर के प्रमुख चौक चौराहों पर स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। उल्लेखनीय है कि एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने मंगलवार को सफीदों शहर में शहीदों अथवा स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाएं स्थापित करवाने को लेकर मुख्य चौक चौराहो का निरीक्षण दौरा किया। इस अवसर पर उनके साथ नगर पालिका के सचिव आशीष कुमार तथा पालिका चेयरपर्सन प्रतिनिधि संजय अदलखा भी उपस्थित रहे। एसडीएम ने नगर पालिका अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि सफीदों क्षेत्र के नागरिकों को भी स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों की प्रतिमाओं व उनके नाम से चौक-चौराहों की पहचान मिल सके। एसडीएम ने कहा कि राज्य सरकार शहीदों के मान-सम्मान और उनकी स्मृति को चिरस्थाई बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सरकार द्वारा शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने हेतु अनेक योजनाओं को अमलीजामा पहनाया जा रहा है, ताकि उनके बलिदान को आने वाली पीढ़ियां याद रख सकें और उनसे प्रेरणा ले सकें। एसडीएम ने बताया कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर शहीदों की प्रतिमाओं की स्थापना इसी कड़ी का अहम हिस्सा है। इन प्रतिमाओं के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों को देशभक्ति, त्याग और राष्ट्र सेवा के मूल्यों की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान केवल इतिहास का हिस्सा नहीं है, बल्कि वह समाज को सही दिशा दिखाने वाली प्रेरणा शक्ति भी है। इन प्रतिमाओं की स्थापना से न केवल शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त होगा, बल्कि सफीदों शहर को एक नई और विशिष्ट पहचान भी मिलेगी। इससे शहर की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक गरिमा में वृद्धि होगी तथा नागरिकों में गौरव की भावना विकसित होगी। एसडीएम ने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार व प्रशासन की यह पहल समाज में सकारात्मक संदेश देगी और आने वाली पीढ़ियों को देश सेवा के लिए प्रेरित करेगी।

Loading