जनता तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना आंगनवाड़ी वर्करों की अहम जिम्मेदारी: कांता यादव
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में पोषण भी- पढ़ाई भी विषय पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन नगर के मॉडर्न संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में किया गया। इस प्रशिक्षण शिविर में सफीदों खंड की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी कांता यादव ने शिरकत की। अपने संबोधन में कांता यादव ने कहा कि इस प्रशिक्षण सत्र का मुख्य उद्देश्य बच्चों के पोषण स्तर में सुधार, प्रारंभिक बाल शिक्षा को सशक्त बनाना तथा बच्चों के चहुंमुखी विकास को सुनिश्चित करने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की कार्य क्षमता को और अधिक मजबूत करना था। प्रशिक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों पर शिक्षा की भूमिका को सरल, रोचक एवं प्रभावी तरीकों से समझाया गया, ताकि बच्चे खेल-खेल में सीख सकें और शिक्षा के प्रति उनकी रुचि बढ़े। उन्होंने आंगनबाड़ी वर्करों को कहा कि पात्र लाभार्थियों तक सभी सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना उनकी अहम जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के ऑनलाइन पंजीकरण को लेकर एक फ्री टेस्ट भी आयोजित किया गया, जिससे उन्हें डिजिटल प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त हो सके और वे तकनीक का बेहतर उपयोग कर सके। इस मौके पर अनिता, ज्योति, प्रतीक, प्रथम, सोनिया, संध्या, संतोष, कमला, संतरा, रितु, अनिता व जरासो देवी मौजूद थीं।
![]()











