हवन-भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
सफीदों (एस• के• मित्तल) : प्राचीन शिव मंदिर कथा समिति के तत्वावधान में सफीदों शहर के दादा खेड़ा स्थित प्राचीन शिव मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का विधिवत समापन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ सम्पन्न हुआ। समापन अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुति देकर सुख-समृद्धि की कामना की। कथा के अंतिम दिन मंदिर परिसर में आयोजित विशाल भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कथावाचक शिवाकांत शुक्ला महाराज ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला सिखाने वाला दिव्य ज्ञान है। उन्होंने कहा कि भगवान की भक्ति से मनुष्य के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है और समाज में प्रेम, करुणा व भाईचारे की भावना मजबूत होती है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से धर्म के मार्ग पर चलने और समाज सेवा में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। समापन समारोह के दौरान कथावाचक शिवाकांत शुक्ला महाराज ने मुख्य अतिथियों, समिति पदाधिकारियों और सहयोगियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर समिति सदस्यों ने सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने का संकल्प दोहराया।
![]()











