83 केंद्रों पर परीक्षा; 8 संवेदनशील घोषित, गोहाना में सबसे अधिक सेंटर
हरियाणा के सोनीपत में आज 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा का पहला पेपर आयोजित किया जा रहा है। यह परीक्षा हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (भिवानी बोर्ड) के तहत हो रही है। जिले भर में कुल 83 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 8 को संवेदनशील घोषित किया गया है।
जिला प्रशासन के अनुसार, संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इन केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल और उड़नदस्ते तैनात रहेंगे। परीक्षा को नकलमुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है और बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि गोहाना में जिले के सबसे अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। यहां परीक्षार्थियों की संख्या भी अधिक है, इसलिए सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
विद्यार्थियों को समय से पहले केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। प्रवेश से पहले जांच प्रक्रिया अपनाई जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अनुचित सामग्री अंदर न ले जाई जा सके। प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे परीक्षा केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ न लगाएं।
जिला प्रशासन का दावा है कि सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं और परीक्षा सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारी अलर्ट मोड पर हैं।
![]()











