शहीदों की याद में गांव बिटानी में निकली भव्य तिरंगा यात्रा युवाओं को शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेने की जरूरत: विजयपाल सिंह

2
Bitani Village
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : शहीदों के सम्मान और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को गांव बिटानी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। कार्यक्रम में मुख्यवक्ता के रूप में भाजपा के रोहतक प्रभारी एडवोकेट विजयपाल सिंह ने शिरकत की। विद्यालय के प्रिंसिपल राजेंद्र सिंह तथा वरिष्ठ भाजपा नेता रणबीर बिटानी भी विशेष रूप से मौजूद रहे। यात्रा में विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ शिक्षकगण और ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर विद्यार्थियों ने पूरे गांव का भ्रमण किया और लोगों को राष्ट्रप्रेम, एकता एवं भाईचारे का संदेश दिया। तिरंगा यात्रा के दौरान गांव का वातावरण पूरी तरह देशभक्ति से सराबोर नजर आया। विद्यार्थियों ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् और शहीद अमर रहें जैसे नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया। अपने संबोधन में एडवोकेट विजयपाल सिंह ने कहा कि देश की आजादी वीर शहीदों के त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों ने मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके बलिदान के कारण ही आज देशवासी स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को देश के वीर शहीदों के जीवन और उनके संघर्ष से प्रेरणा लेनी चाहिए। युवाओं को राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए देश की प्रगति में अपना योगदान देने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब उनके आदर्शों को जीवन में अपनाते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने के लिए कार्य किया जाए। विजयपाल सिंह ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे शिक्षा प्राप्त करने के साथ-साथ अपने सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्वों को भी समझें। उन्होंने कहा कि देश के प्रति जिम्मेदारी और कर्तव्य की भावना युवा पीढ़ी को मजबूत राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे ले जाएगी। इस अवसर पर रणबीर बिटानी, गीता सैनी, ओमदत्त रेढू, बिंटू राणा, मोहन सैनी, सुरेश राठी, सुमेर राणा, बलजीत सैनी, अंत राम मास्टर, अनिल लाम्बा, सुरेंद्र जोगी, सोनू मालिक, सतीश चहल, जगबीर शर्मा, बलवान बाल्मीकि, मोनू हाडवा, देवेंद्र भारद्वाज, शुभम शर्मा, सुरजा राम, विजय पाल होशियारपुरा, सोनू सिवाना, राकेश धानक, सूरत सिंह, प्रदीप रोहिल्ला, सोहन सिंह सहित विद्यालय के अन्य अध्यापकगण एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Loading