शिविर में गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज का मिला सानिध्य
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सामाजिक संस्था सरस्वती सेवा समिति के तत्वावधान में नगर के महाराजा अग्रसेन चौक पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के जन्मदिवस पर विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महामंडलेश्वर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज का सानिध्य प्राप्त हुआ। वही विशिष्ट अतिथि के रूप में हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के पूर्व सदस्य एडवोकेट विजयपाल सिंह व पालिका चेयरपर्सन प्रतिनिधि संजय अधलखा ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष श्याम स्वामी ने की। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं व समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता का परिचय दिया। इस मौके पर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने मतदाताओं को बैज लगाकर उनको अपना आशीर्वाद प्रदान किया। वहीं उन्होंने रक्तदाताओं को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया और उनके इस पुनीत कार्य की भूरि भूरि प्रशंसा की। अपने संबोधन में गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं है। उन्होंने रक्तदाताओं की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि रक्त एक ऐसी चीज है जिससे किसी के भी प्राण बचाए जा सकते हैं और रक्त की पूर्ति केवल मानव ही कर सकता है। वैज्ञानिक भी मानव रक्त का तोड़ नहीं निकाल पाए हैं। ऐसे में हर स्वस्थ आदमी का कर्तव्य बनता है कि वे बढ़-चढ़कर रक्तदान करके मानवता की सेवा करें। शिविर के समापन पर समाजसेवी श्याम स्वामी ने गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस मौके पर अखिल गुप्ता, दीपक चौहान, हरीश शर्मा, यशपाल सूरी, दीपक सैनी, सरोज भाटिया, मा. चेतनदास, मा. हंसराज व ओमप्रकाश जून सहित काफी तादाद में लोग मौजूद थे।
![]()











