त्योहार के दौरान हुड़दंग और रैश ड्राइविंग रोकने को व्यापक बंदोबस्त
रंगों के त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। शहरभर में करीब 1150 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जो संवेदनशील इलाकों, प्रमुख बाजारों, कॉलोनियों और चौक-चौराहों पर निगरानी रखेंगे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, त्योहार के दौरान हुड़दंग, रैश ड्राइविंग, शराब पीकर वाहन चलाने और छेड़छाड़ जैसी घटनाओं पर विशेष नजर रखी जाएगी। इसके लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। ट्रैफिक पुलिस को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि सड़कों पर किसी प्रकार की अव्यवस्था न फैले।
शहर के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ा दी गई है। पीसीआर टीमें लगातार मूवमेंट में रहेंगी और किसी भी सूचना पर तुरंत कार्रवाई करेंगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर जबरन रंग लगाने, अभद्र व्यवहार या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
साथ ही, युवाओं को यातायात नियमों का पालन करने और तेज रफ्तार से वाहन न चलाने की सलाह दी गई है। नशे की हालत में वाहन चलाते पाए जाने पर लाइसेंस जब्त करने और वाहन सीज करने की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते स्थिति पर काबू पाया जा सके।
![]()











