सफीदों, (एस• के• मित्तल) : विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष अरविंद शर्मा ने बताया कि बजरंग दल के तत्वावधान में पूरे देश में नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। बजरंग दल की टोलियां घर-घर जाकर लोगों खासकर युवाओं को नशे से होने वाले नुकसानों से अवगत करवा रही है।
अरविंद शर्मा ने समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को एक गंभीर राष्ट्रीय चुनौती बताते हुए कहा कि नशा युवाओं के भविष्य और सामाजिक ताने-बाने को बहुत बड़ा खतरा है। एक सोची-समझी साजिश के तहत युवाओं को नशे में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। नशे की लत से युवाओं के स्वास्थ्य और भविष्य के लिए हानिकारक है। इसके कारण परिवार में हिंसा, चोरी और रिश्तों में टूटन जैसी सामाजिक समस्याएं पैदा हो रही हैं।
युवाओं को आत्मसंयम, सकारात्मक संगति और आत्मनिर्भरता के माध्यम से नशे से दूर रहना होगा। नशे की लत में फंसे लोगों को बाहर निकालने में समाज की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि जागरूकता की कमी और सामाजिक हस्तक्षेप का अभाव हालात को और भयावह बना रहा है। सरकार और पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन इस लड़ाई में केवल क़ानून पर्याप्त नहीं। जरूरत है कि परिवार, स्कूल, समाज और प्रशासन मिलकर एक मजबूत रोकथाम तंत्र बनाएं। युवा पीढ़ी को खेल, शिक्षा, करियर मार्गदर्शन और सकारात्मक वातावरण से जोड़ना बेहद ज़रूरी है। यदि नशा रोकना है, तो केवल दंड नहीं, बल्कि संवेदनशीलता, संवाद और जागरूकता को समाज का हिस्सा बनाना होगा। नशे से मुक्त भारत ही सशक्त भारत की दिशा में पहला कदम है।
![]()











