जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जागरूकता अभियान को दी गति
जींद : हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती पूनम सुनेजा के दिशा-निर्देश में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा नशा मुक्त हरियाणा मिशन के तहत जन-जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। यह विशेष अभियान आगामी 6 जनवरी तक चलेगा, जिसके अंतर्गत जिलेभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-कम-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मोनिका ने बताया कि मिशन के तहत गांवों, स्कूलों, सार्वजनिक स्थलों तथा श्रमिक क्षेत्रों में नशा उन्मूलन से जुड़े शिविरों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नशे के दुष्प्रभावों से युवाओं व आमजन को बचाना समय की महत्त्वपूर्ण आवश्यकता है।
उन्होंने आगे बताया कि 9 दिसंबर को एक प्रमुख वर्कशॉप आयोजित की जाएगी, जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों व प्रतिनिधियों को मिशन को सफल बनाने के लिए आवश्यक जानकारी दी जाएगी। अभियान के तहत आज पैनल अधिवक्ता देवराज मलिक ने लेबर चौक पर जागरूकता शिविर लगाकर नशा मुक्त हरियाणा मिशन का शुभारंभ किया। शिविर में श्रमिकों को नशे से होने वाली शारीरिक, सामाजिक और आर्थिक क्षति के बारे में विस्तार से बताया गया तथा नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही श्रमिकों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति भी जागरूक किया गया।
अधिकार मित्र ज्योति और पवन कुमार ने बताया कि 13 दिसंबर को जिला न्यायालय जींद तथा उपमंडल सफीदों व नरवाना में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा, जिसकी जानकारी भी लोगों को शिविर में दी गई।
![]()











