फर्जी डॉक्टर पर कार्रवाई, 6 साल से चल रहा क्लिनिक किया सील

16
Fake Doctor

हरियाणा के गुरुग्राम में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित फर्जी डॉक्टर के क्लिनिक को सील कर दिया। बताया जा रहा है कि “डॉ. बंगाली जनता सेवा क्लिनिक” नाम से संचालित यह क्लिनिक पिछले करीब छह वर्षों से बिना वैध मेडिकल डिग्री के चलाया जा रहा था। शिकायत मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।

जांच के दौरान क्लिनिक संचालक से मेडिकल डिग्री और संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह वैध प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद अधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से क्लिनिक को सील कर दिया। छापेमारी के दौरान टीम को क्लिनिक में इलाज से जुड़े कई उपकरण, इंजेक्शन, दवाएं और अन्य मेडिकल सामग्री मिली। अधिकारियों ने करीब 17 प्रकार के उपकरण और दवाएं जब्त की हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार बिना योग्यता और लाइसेंस के इलाज करना लोगों की जान के साथ खिलवाड़ है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग अब यह भी जांच कर रहा है कि क्लिनिक में किस प्रकार के मरीजों का इलाज किया जाता था और क्या वहां किसी गंभीर बीमारी का उपचार भी किया जा रहा था।

स्थानीय लोगों के मुताबिक यह क्लिनिक लंबे समय से इलाके में संचालित हो रहा था और बड़ी संख्या में लोग वहां इलाज कराने पहुंचते थे। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि इलाज कराने से पहले डॉक्टर की योग्यता और क्लिनिक की वैधता की जांच अवश्य करें।

अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि जिले में बिना लाइसेंस संचालित क्लीनिकों और फर्जी डॉक्टरों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Loading