हरियाणा के फरीदाबाद में एक एडवोकेट के घर बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने घर में घुसकर करीब 2 किलो सोना और 20 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। वारदात उस समय हुई, जब पूरा परिवार नोएडा में एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने गया हुआ था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने घर में प्रवेश करने के लिए एसी की विंडो (खिड़की) को तोड़ा और उसके रास्ते अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने घर में रखी अलमारियों और अन्य स्थानों की तलाशी ली तथा सोने के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए।
जब परिवार कार्यक्रम से लौटकर घर पहुंचा तो मुख्य कमरों का सामान बिखरा हुआ मिला। अलमारियां खुली थीं और कीमती सामान गायब था। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। साथ ही घटना के समय इलाके में संदिग्ध गतिविधियों और संदिग्ध वाहनों की भी जांच की जा रही है। चोरी गए सामान का विस्तृत ब्योरा भी परिजनों से लिया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फॉरेंसिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही घटना में शामिल बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
![]()











