10 साल पुराने आधार कार्ड को अपडेट करवाना आवश्यक : डीसी मोहम्मद इमरान रजा

43
FreeAadhaarUpdate

यूआईडीएआई ने आधार अपडेट की अंतिम तिथि बढ़ाकर 14 जून 2026 की

जींद : उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा ने जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधार कार्ड को फ्री में अपडेट कराने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 14 जून 2026 कर दी है। उन्होंने कहा कि यह निःशुल्क सुविधा केवल माय आधार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन उपलब्ध है।

डीसी ने बताया कि आधार अपडेट के लिए नागरिकों को अपना डेमोग्राफिक डाटा, जैसे—पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने होंगे। इनमें जन्मतिथि व पहचान की पुष्टि के लिए निर्धारित प्रमाण-पत्र, रिहायशी प्रमाण पत्र या अन्य आईडी शामिल हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सुविधा केवल उन्हीं नागरिकों के लिए उपलब्ध है जिनका मोबाइल नंबर उनके आधार से लिंक है।

डीसी रजा ने कहा कि सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने में आधार कार्ड सबसे महत्त्वपूर्ण दस्तावेज है। ऐसे में 10 साल पुराने आधार कार्ड को अपडेट करवाना अत्यंत जरूरी है, ताकि नागरिक योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाएं। निर्धारित तिथि के बाद आधार अपडेट करवाने पर नागरिकों को शुल्क देना होगा।

उन्होंने बताया कि नागरिक स्वयं UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना आधार अपडेट कर सकते हैं या फिर नजदीकी सीएससी/आधार केंद्र पर जाकर भी यह प्रक्रिया पूरी करवा सकते हैं।

Loading