धार्मिक स्थल के पास बवाल, सरेआम हुई मारपीट से मचा हड़कंप

21
Golden Temple

हेरिटेज मार्ग पर निहंगों और महंतों में टकराव, श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर उठे सवाल

पंजाब के अमृतसर में स्वर्ण मंदिर के समीप स्थित हेरिटेज स्ट्रीट पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब निहंगों और कुछ महंतों के बीच जमकर झड़प हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि निहंग हाथों में डंडे लेकर कुछ लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीट रहे हैं। यह पूरी घटना खुलेआम हुई, जिससे वहां मौजूद श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिन महंतों की पिटाई की गई, उन पर आरोप है कि वे लंबे समय से हेरिटेज स्ट्रीट पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से जबरन पैसे मांग रहे थे। इसको लेकर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में पहले से ही नाराजगी थी। बताया जा रहा है कि इसी मुद्दे पर विवाद इतना बढ़ गया कि निहंगों ने खुद मोर्चा संभाल लिया और कथित रूप से जबरन वसूली करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।

घटना के दौरान कुछ समय के लिए हेरिटेज स्ट्रीट पर आवाजाही प्रभावित रही। लोग इधर-उधर भागते नजर आए और कई श्रद्धालु डर के कारण दुकानों और आसपास के परिसरों में छिप गए। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि डंडों से की जा रही पिटाई के दौरान लोग मदद की गुहार लगाते नजर आ रहे हैं, जबकि आसपास खड़े लोग दूरी बनाए हुए हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जबरन पैसे मांगने के आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है, साथ ही मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं है। यदि श्रद्धालुओं से अवैध वसूली की शिकायतें सही पाई जाती हैं, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर धार्मिक स्थलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Loading