सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल के गांव पाजू कलां में मंगलवार को शिवरात्रि के पावन अवसर पर उस समय श्रद्धा और उत्साह का माहौल बन गया, जब गांव के एक परिवार की तीन पीढ़ियां एक साथ कांवड़ लेकर गांव पहुंचीं। हरिद्वार से गंगाजल लेकर पैदल पहुंचे इन तीनों शिवभक्तों का ग्रामीणों और परिजनों ने जोरदार स्वागत किया। गांव पाजू कलां निवासी रणधीर जोगी भगवान शिव के प्रति अपनी गहरी आस्था के चलते अपने बेटे महीपाल और पोते सिद्धांत के साथ हरिद्वार से कांवड़ लेने के लिए रवाना हुए थे। तीनों ने हरिद्वार से पवित्र गंगाजल कांवड़ में धारण किया और कठिन पैदल यात्रा करते हुए गांव की ओर प्रस्थान किया। मंगलवार को जब तीनों कांवड़िए गांव पहुंचे तो ग्रामीणों को जैसे ही उनके आने की सूचना मिली, बड़ी संख्या में लोग उनके स्वागत के लिए एकत्रित हो गए। गांव में पहुंचते ही ग्रामीणों ने जयघोष के बीच उनका अभिनंदन किया गया। इस दौरान पूरा माहौल हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा। रणधीर जोगी, महीपाल और सिद्धांत सीधे गांव के मंदिर पहुंचे। यहां तीनों ने हरिद्वार से लाए गए पवित्र गंगाजल से भगवान शिव का विधिवत जलाभिषेक किया और परिवार तथा गांव की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर गांव के पूर्व सरपंच संतोष जोगी भी विशेष रूप से मौजूद रहे। जलाभिषेक के बाद मंदिर परिसर में आए श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं का कहना था के यह गांव और पूरे क्षेत्र के लिए खुशी और गर्व की बात है कि एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों ने मिलकर भगवान शिव की आराधना के लिए कांवड़ यात्रा पूरी की है। उन्होंने कहा कि ऐसी धार्मिक यात्राएं परिवार में संस्कार, आस्था और आपसी जुड़ाव को मजबूत करती हैं तथा युवा पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ने का काम करती हैं।
![]()











