नई वेबसाइट व रिफ्रेशर कोर्स की जानकारी साझा की
कैमिस्टों की समस्याओं का प्राथमिकता पर होगा समाधान : टीपू पोडीया
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : हरियाणा फार्मेसी काउंसिल के वाइस चेयरमैन टीपू पोडीया रविवार को सफीदों के जेसीज भवन पहुंचे। जहां पर उनका नगर के फार्मासिस्टों एवं केमिस्टों द्वारा स्वागत किया गया। यूनियन के प्रधान महेंद्र गोयल ने टीपू पोडीया का फूलमालाओं व अंगवस्त्र के साथ जोरदार अभिनंदन किया। जबकि उनके साथ आए विनोद वर्मा को भी बुके व शाल से नवाजा गया। इस मौके पर एसोसिएशन के सचिव कप्तान मलिक, वाइस प्रेसिडेंट संजय गर्ग, सहसचिव पंकज मंगला सहित सफीदों के सभी केमिस्ट व फार्मासिस्ट उपस्थित रहे।
समारोह में कैमिस्टों ने नशा न बेचने की शपथ ली। अपने संबोधन में टीपू पोडीया ने कहा कि काउंसिंल का चेयरमैन बनने में सफीदों के फार्मासिस्टों का विशेष सहयोग व समर्थन रहा है। जिसके लिए वे उनके सदैव आभारी रहेंगे। कैमिस्टों की हर समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि काउंसिल के चेयरमैन बी.बी. सिंगल एवं अन्य पदाधिकारियों के साथ मिलकर फार्मासिस्टों की आवाज मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तक पहुंचाई गई है। मुख्यमंत्री ने समस्याओं के निरारकण का भरोसा काउंसिल को दिया है।
टीपू पोडीया ने बताया कि रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को और आसान बनाया जा रहा है। हरियाणा से फार्मेसी एवं प्लस टू करने वालों को वेरिफिकेशन की बजाय सीधा रजिस्ट्रेशन मिलेगा। पुरानी वेबसाइट की समस्याओं को दूर करने के लिए मेडिकल, फार्मेसी एवं आयुष काउंसिलों को एक प्लेटफॉर्म पर लाकर नई हरियाणा फार्मेसी काउंसिल वेबसाइट तैयार की गई है, जिसका उद्घाटन जल्द ही मुख्यमंत्री नायब सैनी एवं स्वास्थ्य मंत्री आरती राव द्वारा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पासवर्ड रिसेट, आईडी संबंधी दिक्कतों के लिए अब पंचकूला जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, सब कुछ ऑनलाइन हो सकेगा। पुराने फार्मासिस्टों को नई रिसर्च, दवाओं एवं फॉर्मूले से अपडेट रखने के लिए रिफ्रेशर कोर्स शुरू किया जाएगा। ये कोर्स दो-तीन जिलों को मिलाकर उन कॉलेजों में होंगे जहां बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी, ठीक वैसे ही जैसे पहले सीपीई प्रोग्राम होते थे। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
![]()











