हाईराइज फ्लैट में आग से अफरा-तफरी, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

3
Highrise Society

गुरुग्राम की एक हाईराइज सोसाइटी में फ्लैट में आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना अंतरिक्ष सोसाइटी की बताई जा रही है, जहां आग लगने के समय परिवार घर पर मौजूद नहीं था। आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, आग फ्लैट के अंदर अचानक लगी और देखते ही देखते धुआं पूरे हिस्से में फैल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सोसाइटी में फायर सेफ्टी से जुड़े उपकरण स्टोर रूम में बंद थे, जिसके कारण शुरुआती राहत कार्य में दिक्कत आई। घटना के बाद सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था और फायर सेफ्टी प्रबंधन पर सवाल उठने लगे हैं।

फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच जारी है। फ्लैट के अंदर रखा सामान आग से क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

वहीं दूसरी ओर गुरुग्राम के लक्ष्मण विहार इलाके में भी आग लगने की घटना सामने आई। यहां सड़क किनारे खड़ी एक कार और स्कूटी आग की चपेट में आ गईं। स्थानीय लोगों ने पानी और अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की, जबकि बाद में फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं ने शहर में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर चिंता बढ़ा दी है। लोगों ने प्रशासन से हाईराइज सोसाइटी और रिहायशी इलाकों में फायर सेफ्टी नियमों की सख्ती से जांच कराने की मांग की है।

Loading