हरियाणा पुलिस में नौकरी लगते ही बढ़ी दहेज की मांग, क्रेटा कार के लिए विवाहिता को पीटकर घर से निकाला

3
Hisar Dowry Case

पति की नौकरी लगने के बाद बढ़ी प्रताड़ना

हरियाणा के हिसार जिले के धर्मखेड़ी से दहेज उत्पीड़न का मामला सामने आया है। भिवानी जिले के एक गांव की रहने वाली विवाहिता पूनम ने अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और घर में कैद रखने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत के अनुसार, पति की हरियाणा पुलिस में सिपाही के पद पर नियुक्ति होने के बाद ससुराल पक्ष की मांगें बढ़ गईं।

पूनम ने बताया कि उसके पति की दिसंबर 2025 में हरियाणा पुलिस में नौकरी लगी थी। इसके बाद कथित तौर पर उसके साथ दुर्व्यवहार और प्रताड़ना बढ़ गई। आरोप है कि उसे कई बार कमरे में बंद कर दिया जाता था और उसके साथ मारपीट की जाती थी। इतना ही नहीं, दो से तीन दिनों तक खाने के लिए कुछ भी नहीं देने का भी आरोप लगाया गया है।

क्रेटा कार और सोने के गहनों की मांग

पीड़िता के अनुसार, ससुराल पक्ष की ओर से परिवार के सदस्यों के लिए सोने की अंगूठियां, सोने की चेन और क्रेटा कार की मांग की गई थी। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ कथित रूप से बेरहमी से मारपीट की गई। पूनम का आरोप है कि प्रताड़ना के कारण उसकी तबीयत भी खराब हो गई, लेकिन ससुराल वालों ने उसका इलाज तक नहीं करवाया।

मायके पहुंचकर दी शिकायत

पूनम ने बताया कि जब प्रताड़ना बर्दाश्त से बाहर हो गई, तो उसने अपने मायके वालों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद उसके पिता उसे ससुराल से अपने घर ले आए। पीड़िता ने पुलिस के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज कराते हुए पति और ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पूनम की शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होगी।

Loading