हिसार। हरियाणा में पशु प्रजनन और नस्ल सुधार को बढ़ावा देने के लिए हिसार में अत्याधुनिक सेक्स-सॉर्टेड सीमन लैब स्थापित की जा रही है। इस परियोजना का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। अब तक 110 गायों और भैंसों की टेस्टिंग पूरी हो चुकी है, जबकि करीब 50 पशुओं की टेस्टिंग बाकी है। विभाग को उम्मीद है कि यह प्रक्रिया जल्द पूरी हो जाएगी और लैब का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
160 पशुओं की टेस्टिंग का लक्ष्य
विभागीय जानकारी के अनुसार, लैब शुरू करने की तैयारियों के तहत कुल करीब 160 गायों और भैंसों की टेस्टिंग की जा रही है। इनमें से 110 पशुओं की जांच पूरी हो चुकी है। शेष लगभग 50 पशुओं की टेस्टिंग का काम भी जल्द पूरा होने की उम्मीद है।
19 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी
इस अत्याधुनिक लैब की स्थापना के लिए करीब 19 करोड़ रुपये के बजट को पहले ही मंजूरी दी जा चुकी है। लैब के शुरू होने से पशुपालकों को आधुनिक प्रजनन तकनीक का लाभ मिल सकेगा।
पशुपालकों को कैसे होगा फायदा?
सेक्स-सॉर्टेड सीमन तकनीक की मदद से कृत्रिम गर्भाधान के दौरान बछिया या कटड़े के जन्म की संभावना को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। इससे पशुपालकों को अपनी जरूरत के अनुसार पशुधन विकसित करने में मदद मिलेगी।
इस तकनीक से बेहतर नस्ल के पशुओं की संख्या बढ़ाने, दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने और पशुपालन को अधिक लाभकारी बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। हिसार में लैब शुरू होने के बाद हरियाणा के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों के पशुपालक भी इससे लाभान्वित हो सकेंगे।
![]()











