ऑनलाइन टास्क जॉब के नाम पर लाखों की ठगी, जयपुर से एक और आरोपी काबू

28
Jind cyber crime
Jind cyber crime

पुलिस ने 2 हजार रुपये बरामद किए

जींद : ऑनलाइन टास्क जॉब के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के एक और सदस्य को थाना साइबर क्राइम जींद की टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 हजार रुपये भी बरामद किए हैं। थाना साइबर क्राइम जींद के प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि नगूरा निवासी मंदीप ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके मोबाइल पर टेलीग्राम के माध्यम से वर्क फ्रॉम होम–पार्ट टाइम जॉब का संदेश आया। संदेश भेजने वालों ने उसे प्रतिदिन 24 टास्क पूरे करने की बात कही और एक लिंक के जरिए पेमेंट करने को कहा।
शिकायतकर्ता ने बताए अनुसार विभिन्न यूपीआई आईडी पर कुल ₹3,60,435 रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब उसने राशि वापस माँगी तो आरोपियों ने और पैसा जमा कराने की मांग की, जिसके बाद उसे ठगी का पता चला। शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम जींद में धारा 318(4), 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 14 जुलाई 2025 को आरोपी अजय निवासी जयपुर को गिरफ्तार किया गया। उसकी पूछताछ में साथी आरोपी मनीष निवासी कल्याण नगर, जयपुर का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस टीम ने 25 नवंबर 2025 को जयपुर से मनीष को दबोच लिया और उसके कब्जे से 2 हजार रुपये बरामद किए। आरोपी मनीष को माननीय अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया है।

Loading