पुलिस पर पिस्टल तानकर फायरिंग की कोशिश, ठांय-ठांय की आवाज निकालकर भागे 3 युवक; पीछा कर पकड़े

13
Karnal News

हरियाणा के करनाल में वीवीआईपी ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को डराने और सरकारी काम में बाधा डालने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक सवार तीन युवकों ने पुलिसकर्मियों की ओर पिस्टल तानकर फायरिंग करने जैसी हरकत की और ठांय-ठांय की आवाज निकालते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस टीम ने पीछा कर तीनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान एक युवक के पास से पिस्टलनुमा लाइटर बरामद हुआ।

वीवीआईपी ड्यूटी के दौरान हुई घटना

पुलिस शिकायत के अनुसार, 5 नवंबर को एएसआई अमरजीत सिंह अपनी टीम के साथ घोघड़ीपुर-मुनक रोड पर दाहा-बजीदा मोड़ के पास वीवीआईपी ड्यूटी पर तैनात थे। दोपहर करीब 1:30 बजे करनाल की तरफ से एक बाइक पर तीन युवक आते दिखाई दिए।

आरोप है कि बाइक पर पीछे बैठे युवक ने हाथ में पकड़ी पिस्टल पुलिसकर्मियों की ओर तान दी और दो-तीन राउंड फायर करने जैसी हरकत की। इस दौरान ठांय-ठांय की आवाज सुनाई दी।

पुलिस ने पीछा कर तीनों को पकड़ा

घटना के बाद तीनों युवक बाइक से मुनक की तरफ भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने उनका पीछा किया और आगे नाके पर उन्हें रोक लिया। पूछताछ में उनकी पहचान केशव, प्रशांत और दीपांशु के रूप में हुई। तीनों करनाल जिले के गांव बीजणा के रहने वाले बताए गए हैं।

तलाशी में मिला पिस्टलनुमा लाइटर

पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान दीपांशु की जींस की दाहिनी जेब से पिस्टल के आकार का लाइटर बरामद हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, असली गोली चलने के बजाय फायरिंग जैसी आवाज निकालकर पुलिसकर्मियों को भयभीत करने की कोशिश की गई थी।

सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने का केस दर्ज

पुलिस शिकायत के आधार पर थाना मधुबन में तीनों युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 221 और 132 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच एसआई लछमन सिंह को सौंपी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Loading