कुरुक्षेत्र में नहर से मिली युवती की हत्या का खुलासा, DNA जांच से पहचान की कोशिश

3
Kurukshetra News

कुरुक्षेत्र के झांसा हेड के पास नरवाना ब्रांच नहर में मिली अज्ञात युवती की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हत्या की बात सामने आई है। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी मौत डूबने से नहीं, बल्कि सिर पर चोटों और मुंह-नाक दबाए जाने से हुई। यौन उत्पीड़न की आशंका की भी जांच की जा रही है, लेकिन फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

करीब 28 से 30 वर्षीय युवती का शव 16 सितंबर की सुबह लगभग 11 बजे नहर में मिला था। गोताखोर प्रगट सिंह की टीम ने शव बाहर निकाला था। पुलिस के प्रयासों के बावजूद अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है और कोई परिवार पहचान का दावा करने सामने नहीं आया है।

डॉ. नरेश सैनी के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम में युवती के सिर पर कई चोटें मिलीं। मेडिकल निष्कर्षों के आधार पर आशंका है कि हत्या के बाद शव नहर में फेंका गया। उसकी मौत 15 से 16 सितंबर के बीच होने की संभावना जताई गई है। दो डॉक्टरों के बोर्ड ने वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमॉर्टम किया था।

यौन उत्पीड़न की आशंका की जांच के लिए स्वैब और स्मीयर के सैंपल पंचकूला के मोगीनंद स्थित लैब भेजे गए हैं। डॉक्टरों के अनुसार, शरीर पर जबरदस्ती के स्पष्ट निशान नहीं मिले, लेकिन इससे यौन उत्पीड़न की संभावना पूरी तरह खारिज नहीं होती। इस संबंध में लैब रिपोर्ट का इंतजार है।

पहचान के लिए पोस्टमॉर्टम के दौरान युवती के दांत का सैंपल DNA जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। किसी परिवार के सामने आने पर DNA मिलान कराया जा सकेगा। पुलिस आसपास के जिलों के थानों से संपर्क कर रही है। पंजाब पुलिस से भी लापता महिलाओं का रिकॉर्ड मांगा गया है।

शव के साथ मिले कपड़ों, आभूषणों और अन्य पहचान संबंधी जानकारी के आधार पर भी तलाश की जा रही है। पोस्टमॉर्टम के बाद एक संस्था के सहयोग से युवती का अंतिम संस्कार कराया जा चुका है। फिलहाल उसकी पहचान और मौत की परिस्थितियों की जांच जारी है।

Loading