पिहोवा के गागा हत्याकांड में एक और गिरफ्तारी, आरोपी राम करण पर था पांच हजार रुपये का इनाम

3
Kurukshetra News

कुरुक्षेत्र। पिहोवा के परविन्द्र सिंह उर्फ गागा हत्याकांड में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान इस्हाक गांव निवासी राम करण उर्फ बल्ली के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। वर्ष 2022 में हुए इस हत्याकांड की जांच जारी है।

पुलिस के मुताबिक, 29 अगस्त 2022 को गुहला-चीका रोड पर संधू फार्म के पास स्थित सर्विस स्टेशन पर गागा पर हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। गागा सेवानिवृत्त सैनिक का इकलौता बेटा था।

पुलिस के अनुसार, गागा की दोस्ती रुआं निवासी गुरसेवक उर्फ शीबू से थी। गुरसेवक उक्त सर्विस स्टेशन चलाता था। घटना की शाम करीब सात बजे गागा ने उसे फोन कर स्टेशन के पास बुलाया था। बाद में वह गुरसेवक को वहां छोड़कर अपने गांव स्योंसर की ओर निकल गया।

इसी दौरान कई युवक हथियार लेकर मोटरसाइकिलों पर सर्विस स्टेशन पहुंचे और तोड़फोड़ करने लगे। हमलावरों को देखकर गुरसेवक अंदर छिप गया। शोर सुनकर गागा वापस पहुंचा तो आरोपियों ने उसे घेर लिया। पुलिस का कहना है कि उस पर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से हमला किया गया। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

घटना के संबंध में सदर पिहोवा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था और जांच सीआईए-1 को सौंपी गई। पुलिस ने 21 सितंबर 2022 को रतनगढ़ ककराली निवासी सोनू और अंकित को गिरफ्तार किया था।

अब घटना के करीब चार साल बाद राम करण उर्फ बल्ली की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और घटनाक्रम से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

Loading