हांसी : भिवानी-महेंद्रगढ़ से भाजपा सांसद चौधरी धर्मबीर के बेटे मोहित चौधरी ने दावा किया है कि वह दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए Gen-Z आंदोलन में शामिल हुए थे। मोहित के मुताबिक वह विरोध प्रदर्शन में टोपी और मास्क पहनकर पहुंचे थे, क्योंकि भाजपा सांसद का बेटा होने के कारण उनकी पहचान सामने आने पर आंदोलन के मूल मुद्दों की जगह चर्चा उनके वहां मौजूद होने पर केंद्रित हो सकती थी।
धर्मसेना युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहित चौधरी बुधवार को हांसी पहुंचे थे। यहां पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन को लेकर अपनी बात रखी।
मोहित चौधरी से जब प्रदर्शन में शामिल होने की तस्वीर के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह अपने साथ कोई कैमरा लेकर नहीं गए थे। उनका कहना था कि अगर वह कई कैमरों के साथ वहां पहुंचते और यह सामने आता कि भाजपा सांसद का बेटा भी प्रदर्शन में बैठा है तो मीडिया में आंदोलन के मुद्दे के बजाय इसी बात की चर्चा होती।
उन्होंने कहा कि अगर कोई विषय देशहित से जुड़ा है और उसमें कुछ गलत हो रहा है तो युवाओं से मिलकर उनकी बात समझनी चाहिए। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक जैसे मामलों का उदाहरण देते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई जरूरी है।
मोहित चौधरी ने दावा किया कि जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन में वास्तविक मुद्दों को लेकर पहुंचे युवा भी मौजूद थे। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग ऐसे हो सकते हैं, जिनका उद्देश्य राजनीतिक लाभ के लिए सरकार को बदनाम करना हो। यह उनका अपना आकलन है।
उनसे हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता की ओर से पहले दिए गए बयानों को लेकर भी सवाल किया गया। अर्चना गुप्ता ने करीब एक महीने पहले हांसी में छात्रों के प्रदर्शन को लेकर दावा किया था कि आंदोलन में अराजक तत्व और आतंकवादी भी दिखाई दिए थे।
अर्चना गुप्ता ने आंदोलन के दौरान एक महिला पुलिस कॉन्स्टेबल की मौत और एक पुलिस अधिकारी की आंख की रोशनी चले जाने का दावा भी किया था। हालांकि महिला कॉन्स्टेबल की मौत से संबंधित दावे का दिल्ली पुलिस पहले ही खंडन कर चुकी थी। इसी तरह प्रदर्शन में कथित विदेशी फंडिंग के सवाल पर विदेश मंत्रालय की ओर से ऐसी जानकारी उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई थी।
इस पूरे विवाद के बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने भी अगस्त में Gen-Z और Gen-Alpha युवाओं से संवाद के दौरान विरोध प्रदर्शन और युवाओं को ‘एंटी-नेशनल’ कहे जाने से जुड़े सवाल पर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने प्रदर्शन करने वाले युवाओं को अपने ही समाज का हिस्सा बताते हुए उन्हें केवल प्रदर्शन करने के आधार पर राष्ट्रविरोधी मानने की सोच से दूरी बनाने की बात कही थी।
अब भाजपा सांसद धर्मबीर के बेटे मोहित चौधरी की ओर से स्वयं आंदोलन में शामिल होने का दावा सामने आने के बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक चर्चा फिर तेज हो सकती है।
मोहित ने अपने बयान में युवाओं के वास्तविक मुद्दों को सुनने की जरूरत पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने प्रदर्शन में शामिल प्रत्येक व्यक्ति को एक ही राजनीतिक नजरिए से देखने के बजाय वास्तविक समस्याओं और राजनीतिक उद्देश्य से पहुंचे लोगों के बीच अंतर करने की बात कही।
हालांकि मोहित चौधरी के प्रदर्शन में मौजूद होने की स्वतंत्र पुष्टि करने वाली कोई तस्वीर उनके द्वारा उपलब्ध नहीं कराई गई। जंतर-मंतर आंदोलन में मास्क और टोपी पहनकर शामिल होने की बात फिलहाल उनके स्वयं के बयान पर आधारित है।
![]()











