कार्यक्रम में 300 से अधिक स्वयं सहायता समूह होंगे लाभान्वित, हरियाणा राज्य सहकारी बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी होंगे शामिल
सफीदों (जिला जींद), हरियाणा: दी जींद केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड, शाखा मुआना के नवीनीकृत भवन का उद्घाटन आज 7 नवंबर को प्रातः 10:30 बजे किया जाएगा। इस अवसर पर नारी शक्ति उत्थान योजना के तहत चेक वितरण समारोह का भी आयोजन किया गया है।
कार्यक्रम में हरियाणा राज्य सहकारी ग्रामीण विकास बैंक के चेयरमैन अमरपाल राणा बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे, जबकि हरियाणा राज्य सहकारी एपेक्स बैंक लिमिटेड, चंडीगढ़ के प्रबंध निदेशक डॉ. प्रफुल्ल रंजन मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे।
इस समारोह के दौरान मुआना और आसपास के गांवों की 300 से अधिक स्वयं सहायता समूह (SHG) और संयुक्त दायित्व समूह (JLG) की महिलाओं को 6 करोड़ रुपये के ऋण चेक वितरित किए जाएंगे। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है।
बैंक प्रशासन ने बताया कि नवीनीकृत भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है, जिससे ग्राहकों को बेहतर बैंकिंग सेवाएं मिल सकेंगी। उद्घाटन समारोह में स्थानीय अधिकारी, बैंक कर्मचारी और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहेंगे।
![]()










