गांव मुआना स्थित श्री हरि परशुराम अखंड ज्योति त्रिशक्तिधाम में 20 अप्रैल को होगा वार्षिक भंडारे का आयोजन

12
Muana Dham
सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल के सबसे बड़े गांव मुआना में स्थित श्री हरि परशुराम अखंड ज्योति त्रिशक्तिधाम में आगामी 20 अप्रैल को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए आजाद स्वामी औघड़ महाराज ने बताया कि प्रतिवर्ष अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर भव्य भंडारे का आयोजन किया जाता है। यह आयोजन न केवल धार्मिक परंपरा का निर्वहन है, बल्कि समाज में एकता, सेवा और समर्पण का संदेश भी देता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी वार्षिक भंडारा 20 अप्रैल, सोमवार को आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन में दूर-दूर से श्रद्धालु आकर पूजा-अर्चना करेंगे। उन्होंने कहा कि त्रिशक्ति धाम साधना, भक्ति और ईश्वर के दासत्व का एक अद्वितीय प्रतीक बनकर उभर रहा है। यह धाम न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि यहां की दिव्य ऊर्जा और वर्षों से चली आ रही परंपराएं श्रद्धालुओं को गहरी आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करती हैं। धाम में महाकाली, एकविरा रेणुका भवानी के लाल औघड़दानी श्री परशुराम भगवान की कृपा विशेष रूप से अनुभव की जाती है। यहां वर्षों से प्रज्ज्वलित अखंड ज्योति और सिद्ध धूणा श्रद्धा और विश्वास के जीवंत प्रमाण हैं। धाम परिसर में स्थापित 10 महाविद्याओं का सिद्ध यज्ञ कुंड और श्री काल भैरव का सिद्ध धूणा जागृत शक्ति का साक्षात प्रमाण हैं। यह स्थल शैव, शाक्त और वैष्णव परंपराओं के अद्भुत संगम के रूप में भी जाना जाता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे अपने परिवार सहित इस पावन अवसर पर पहुंचकर भगवान का प्रसाद ग्रहण करें और त्रिशक्ति कृपा के भागी बनें।

Loading