गोल्ड मेडलिस्ट पहलवान के स्वागत पर विवाद: यूट्यूबर ने वीडियो डालकर लिखा- गांव में स्वागत नहीं हुआ; ग्रामीणों ने थाने में दी शिकायत, खाप पंचायत बुलाई

10
Narnaud

हिसार। हरियाणा के हिसार जिले के नारनौंद क्षेत्र के राजथल गांव में गोल्ड मेडल जीतकर लौटी पहलवान खुशी के स्वागत को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर एक यूट्यूबर द्वारा वीडियो पोस्ट कर कथित तौर पर यह दिखाने का मामला सामने आया है कि गांव में खिलाड़ी का स्वागत नहीं हुआ। इसके विरोध में ग्रामीण लामबंद हो गए हैं। ग्रामीणों ने नारनौंद थाने पहुंचकर शिकायत दी और संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

हरिद्वार में गोल्ड जीतकर गांव लौटी थी खुशी

जानकारी के अनुसार, राजथल गांव की पहलवान खुशी ने हरिद्वार में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया था। उसकी इस उपलब्धि पर गांव में ग्रामीणों ने एकजुट होकर भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया था। ग्रामीणों ने खुशी को सम्मानित किया और उसकी उपलब्धि पर गर्व जताया।

वीडियो की चुनिंदा क्लिप वायरल करने का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि सम्मान समारोह के बाद जब खुशी अपने परिवार के साथ मंदिर पहुंची, उस दौरान का वीडियो बनाकर उसकी चुनिंदा क्लिप सोशल मीडिया पर प्रसारित की गई। इसके जरिए कथित तौर पर यह प्रचार किया गया कि गोल्ड मेडल जीतकर लौटने पर गांव के लोगों ने उसका स्वागत नहीं किया।

ग्रामीणों का कहना है कि पूरे कार्यक्रम की तस्वीरें और वीडियो मौजूद हैं, जिनसे स्पष्ट होता है कि खुशी का गांव में जोरदार स्वागत किया गया था।

20 से ज्यादा सोशल मीडिया अकाउंट की सूची पुलिस को सौंपी

रविवार को ग्रामीणों ने बैठक करने के बाद नारनौंद थाने पहुंचकर शिकायत दी। उन्होंने 20 से अधिक सोशल मीडिया हैंडल की सूची पुलिस को सौंपी और संबंधित लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। ग्रामीणों ने वीडियो हटाने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की भी मांग उठाई है।

सोमवार को खाप पंचायत की बैठक

मामले को लेकर सोमवार को पंचायत बुलाने का फैसला किया गया है। इसमें सतरोल खाप, बारह खाप और नौगामा खाप सहित विभिन्न खापों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। पंचायत में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और ग्रामीणों की शिकायत को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा होगी।

ग्रामीणों का कहना है कि खुशी पूरे गांव की बेटी है और उसकी खेल उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र को गर्व है। सोशल मीडिया पर अधूरी जानकारी के आधार पर गांव की छवि प्रभावित नहीं की जानी चाहिए

Loading