राजनीतिक सरगर्मी के बीच सम्मान समारोह पर टिकी निगाहें
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज बावल में आयोजित समरसता एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। गुरुग्राम में मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाए जाने की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सख्त कर दी गई है। इसी क्रम में पुलिस ने एनएसयूआई नेता रवि मसीत और कांग्रेस के जिला शहरी प्रधान प्रवीन चौधरी को एहतियातन हाउस अरेस्ट किया है।
इसके अलावा कांग्रेस के जिला ग्रामीण प्रधान सुभाष छड़ी के आवास के बाहर भी पुलिस बल की तैनाती की गई है। कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ाने के साथ करीब 10 विशेष पुलिस नाके लगाए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का उद्देश्य कार्यक्रम के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकना और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को केवल प्रशासनिक कार्यक्रम के तौर पर नहीं देखा जा रहा है। क्षेत्र में पिछले कुछ समय से सामने आए राजनीतिक घटनाक्रमों के कारण आज के आयोजन को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज है। इससे पहले 30 मई को बावल कृषि कॉलेज में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में राव इंद्रजीत सिंह के साथ तीनों विधायकों और उनके समर्थकों की मंच से दूरी चर्चा का विषय बनी थी।
अब मेघवाल समिति की ओर से आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में स्थानीय नेताओं और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी को लेकर भी राजनीतिक विश्लेषकों की नजर रहेगी। माना जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान नेताओं की सक्रियता और मंचीय समीकरण क्षेत्र की मौजूदा राजनीतिक स्थिति के कई संकेत दे सकते हैं।
प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, वहीं राजनीतिक गतिविधियों के बीच मुख्यमंत्री का बावल दौरा क्षेत्र में चर्चा का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
![]()











