सफीदों में नर्सिंग कॉलेज निर्माण की आस जगी

4
Nursing College

संस्थान के निर्माण के लिए 2 करोड़ रूपए की राशी जारी

निर्माण शुरू करने के लिए दिए भूमि से बिजली के खंभे हटाने के लिए लिखा पत्र

35 करोड़ की परियोजना से स्वास्थ्य शिक्षा को मिलेगी नई दिशा

सफीदों (एस• के• मित्तल) : सफीदों में लंबे समय से प्रतीक्षित राजकीय नर्सिंग कॉलेज के निर्माण की उम्मीद अब साकार होती नजर आ रही है, क्योंकि सरकार की ओर से निर्माण कार्य के लिए 2 करोड़ रुपये की प्रारंभिक राशि जारी कर दी गई है। इस परियोजना को लेकर निर्माण एजेंसी की टीम ने भी मौके का दौरा कर आवश्यक निरीक्षण किया है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी संभाल रही हरियाणा पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन की टीम ने स्थल का मुआयना करने के बाद बिजली विभाग को जमीन से खंभे हटाने के लिए पत्र भी भेजा है, ताकि निर्माण में किसी प्रकार की बाधा न आए। यह कॉलेज करीब साढ़े 4 एकड़ भूमि पर लगभग 45 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा, जो क्षेत्र की शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगा। प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज का भवन चार मंजिला आधुनिक संरचना के रूप में विकसित किया जाएगा। इसमें विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिफ्ट, विशाल क्लासरूम, छात्राओं के लिए हॉस्टल, स्टाफ क्वार्टर और अन्य आधुनिक सुविधाओं का प्रावधान किया गया है। वर्तमान में यह संस्थान अस्थायी रूप से सरला देवी राजकीय कन्या महाविद्यालय के एक हिस्से में संचालित हो रहा है, जहां लगभग 500 छात्राएं बीएससी नर्सिंग, जीएनएम और एएनएम पाठ्यक्रमों में शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। गौरतलब है कि इस भवन की आधारशिला 11 फरवरी 2019 में प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा रखी गई थी। आधारशिला के बाद कॉलेज निर्माण के लिए चार एकड़ भूमि राजकीय नर्सिंग संस्थान को ट्रांसफर कर दी गई थी तथा मिट्टी और पानी की जांच की प्रक्रिया भी पूरी की जा चुकी है। राजकीय नर्सिंग संस्थान में हर वर्ष नए विद्यार्थियों के लिए निर्धारित सीटों की संख्या भी उल्लेखनीय है। बीएससी नर्सिंग, जीएनएम और एएनएम पाठ्यक्रमों के लिए 60-60 सीटें निर्धारित की गई हैं, जिससे हर साल बड़ी संख्या में छात्राओं को स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। कॉलेज का स्थायी भवन बनने से इन छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक लैब और आवासीय सुविधाएं मिल सकेंगी। इस परियोजना को क्षेत्र के विकास से भी जोड़कर देखा जा रहा है। आईपी कन्या एजुकेशन सोसाइटी के फाउंडर सदस्य एवं पूर्व पालिका प्रधान राकेश जैन के अनुसार, नर्सिंग कॉलेज का निर्माण सफीदों क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि साबित होगा। उन्होंने बताया कि इस संस्थान को सफीदों तक लाने में पूर्व इंजीनियर-इन-चीफ स्वर्गीय टीसी गर्ग का विशेष योगदान रहा है। कॉलेज के निर्माण से न केवल क्षेत्र में स्वास्थ्य शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और प्रशिक्षण के नए अवसर भी पैदा होंगे।

Loading