US डॉलर में मुनाफे का लालच देकर फंसाया; लिंक भेजकर फर्जी वेबसाइट पर कराया रजिस्ट्रेशन
पंचकूला में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां एक युवक को US डॉलर में निवेश पर भारी मुनाफे का लालच देकर 11.62 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। शिकायत के अनुसार, युवक से सोशल मीडिया के जरिए संपर्क किया गया और खुद को अंतरराष्ट्रीय निवेश सलाहकार बताने वाले व्यक्ति ने विदेशी करेंसी ट्रेडिंग का ऑफर दिया।
आरोपियों ने युवक को भरोसे में लेने के लिए कथित निवेशकों के फर्जी स्क्रीनशॉट और मुनाफे के आंकड़े दिखाए। इसके बाद एक लिंक भेजा गया, जिसके माध्यम से उसे एक प्रोफेशनल दिखने वाली वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करने को कहा गया। रजिस्ट्रेशन के बाद उसे बताया गया कि उसका खाता सक्रिय हो गया है और शुरुआती निवेश पर तुरंत लाभ दिखाया गया।
झांसे में आकर युवक ने अलग-अलग किस्तों में कुल 11.62 लाख रुपये बताए गए खातों में ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय तक वेबसाइट पर उसे बढ़ता हुआ बैलेंस दिखाई देता रहा, लेकिन जब उसने रकम निकालने की कोशिश की तो अतिरिक्त शुल्क और टैक्स के नाम पर और पैसे मांगे गए। शक होने पर उसने भुगतान रोक दिया और पुलिस में शिकायत दी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर सेल को जांच सौंपी है। संदिग्ध बैंक खातों और आईपी एड्रेस की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें और किसी भी विदेशी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले अधिकृत प्लेटफॉर्म और संस्थाओं की सत्यता की जांच अवश्य करें।
![]()











