रायपुर रानी क्षेत्र की 2 कॉलोनियों में बुलडोजर चला, सड़क नेटवर्क ध्वस्त
हरियाणा के पंचकूला में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ जिला टाउन प्लानिंग (DTP) विभाग ने सख्त कार्रवाई की। विभाग की टीम ने रायपुर रानी क्षेत्र में विकसित की जा रही दो अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाकर सड़क नेटवर्क और अन्य निर्माण कार्यों को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा ताकि किसी प्रकार की कानून-व्यवस्था की समस्या न हो। अधिकारियों के अनुसार, संबंधित कॉलोनियां बिना वैध मंजूरी और लाइसेंस के विकसित की जा रही थीं। विभाग ने पहले भी नोटिस जारी कर निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए थे, लेकिन नियमों की अनदेखी जारी रही।
डीटीपी अधिकारियों ने बताया कि अवैध कॉलोनियों में प्लॉट काटकर लोगों को बेचने की कोशिश की जा रही थी। ऐसे मामलों में आम लोग अक्सर बिना वैध कागजात जांचे प्लॉट खरीद लेते हैं, जिससे भविष्य में उन्हें कानूनी और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
कार्रवाई के दौरान सड़कों की खुदाई कर दी गई और बनाए गए अस्थायी ढांचों को भी तोड़ दिया गया, ताकि दोबारा निर्माण न हो सके। विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रॉपर्टी में निवेश करने से पहले संबंधित विभाग से उसकी वैधता की जांच अवश्य कर लें।
![]()











