पंचकूला में ऑनलाइन निवेश घोटाले की जांच, लग्जरी गाड़ियां जब्त; नीलामी के लिए कोर्ट में अर्जी

3
Panchkula News

पंचकूला साइबर क्राइम पुलिस की जांच में आठ करोड़ रुपये से ज्यादा के कथित ऑनलाइन निवेश घोटाले का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, राजेश उर्फ नाना और अन्य आरोपियों ने फर्जी निवेश प्लेटफॉर्म तथा क्रिप्टो योजनाओं के जरिए लोगों को अधिक मुनाफे का झांसा दिया। राजेश फिलहाल जेल में है।

पुलिस ने आरोपियों से मर्सिडीज, ऑडी क्यू3, ऑडी क्यू5 और बीएमडब्ल्यू समेत लग्जरी गाड़ियां, आईफोन तथा मैकबुक जब्त किए हैं। गाड़ियों की नीलामी कर पीड़ितों के नुकसान की भरपाई के लिए अदालत में अर्जी दी गई है। नीलामी पर अदालत का निर्णय अभी बाकी है।

जांच के अनुसार, राजेश 2019 तक कढ़ी-छोले और चावल की रेहड़ी लगाता था। उसके दोस्त प्रमोद कंबोज ने उसे ब्लूम कंपनी नामक पोर्टल से जोड़ा। शुरुआत में उसने 7,500 रुपये निवेश किए। कंपनी बंद होने के बाद दूसरी योजना में दो लाख रुपये लगाए और बाद में नए निवेशकों को जोड़ने लगा।

पुलिस के मुताबिक, चंडीगढ़, मोहाली और अन्य शहरों में सेमिनार आयोजित कर निवेश कराया जाता था। राजेश ने कंपनी से मर्सिडीज उपहार में मिलने और करीब दो करोड़ रुपये कमाने का दावा किया था। जांच में उसका फार्महाउस और मर्सिडीज जब्त किए जाने की बात सामने आई है।

आरोप है कि ब्लूम ड्राइव, एलपीएनटी क्रिप्टोकरेंसी, मेटा सॉइल वर्स प्लान, सॉइल वर्स और मेचाई एफएक्स जैसे प्लेटफॉर्म पर रकम बढ़ाकर दिखाई जाती थी। तीस लाख रुपये का निवेश छह महीने में 68 लाख रुपये दिखाया गया। दुबई में फ्लैट और प्लॉट बुक करने का लालच भी दिया जाता था। निकासी मांगने पर रकम दूसरी योजना में डालने का दबाव बनाया जाता था।

पीड़ित ठेकेदार अशोक के अनुसार, शुरुआती रिटर्न मिलने पर उन्होंने बैंक से कर्ज लेकर निवेश किया और 25 से ज्यादा परिचितों को जोड़ा। उनका करीब 60 लाख रुपये तथा परिचितों का कुल सात से आठ करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

पुलिस जांच में दुबई से जुड़े तार सामने आए हैं। विदेश भागने की जानकारी के बीच रविंद्र बांगड़ और हैप्पी शेख के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है।

Loading