ऑनलाइन जालसाजों का जाल, ऐप के जरिए एक करोड़ की ठगी

20
Panipat cyber fraud

फेसबुक दोस्ती से शुरू हुआ खेल, ‘मानो-मानो’ एप डाउनलोड कराकर निवेशक से ₹1 करोड़ उड़ाए

हरियाणा के पानीपत में डिजिटल अरेस्ट जैसे बड़े साइबर फ्रॉड का मामला सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति से करीब एक करोड़ रुपये की ठगी कर ली गई। ठगों ने पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए दोस्ती की, फिर मोटे मुनाफे का झांसा देकर एक संदिग्ध मोबाइल एप ‘मानो-मानो’ इंस्टॉल करवा लिया। इसके बाद पीड़ित को धीरे-धीरे अपने जाल में फंसाकर बड़ी रकम ऐंठ ली गई।

पीड़ित के अनुसार, कुछ समय पहले फेसबुक पर उसकी एक महिला प्रोफाइल से दोस्ती हुई। बातचीत बढ़ने पर सामने वाले व्यक्ति ने खुद को निवेश से अच्छा मुनाफा कमाने वाला बताया। भरोसा जीतने के बाद उसने शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन निवेश का लालच दिया। शुरुआत में छोटी रकम निवेश करवाई गई, जिस पर एप में मुनाफा दिखाया गया। इससे पीड़ित का भरोसा और गहरा हो गया।

इसके बाद ठगों ने ‘मानो-मानो’ नामक एप डाउनलोड करने को कहा। एप पर लगातार बढ़ता मुनाफा दिखाकर पीड़ित को बार-बार निवेश करने के लिए उकसाया गया। अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर करवाई गई। कुछ ही समय में पीड़ित ने करीब एक करोड़ रुपये निवेश कर दिए। जब उसने मुनाफा निकालने की कोशिश की तो तकनीकी दिक्कतों का बहाना बनाकर उससे और पैसे मांगे गए।

शक होने पर पीड़ित ने जब एप और फेसबुक प्रोफाइल की जांच की तो सच्चाई सामने आई। इसके बाद उसने साइबर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में इसे सुनियोजित साइबर ठगी बताया है, जिसमें डिजिटल तरीके से पीड़ित को मानसिक दबाव और लालच के जरिए फंसाया गया।

साइबर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आईटी एक्ट और धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। बैंक खातों और एप से जुड़े सर्वर की जानकारी खंगाली जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों की बातों में न आएं और किसी भी अनजान एप में निवेश करने से पहले उसकी पूरी जांच करें।

Loading