सफीदों में गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां पूर्ण

64
Republic Day Rehearsal
परेड़ का निरीक्षण करते हुए एसडीएम पुलकित मल्होत्रा

एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने लिया तैयारियों का जायजा 

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : उपमंडल स्तर पर 26 जनवरी को मनाए जाने वाले गणतंत्र दिवस समारोह की अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन सफीदों की नई अनाज मंडी में किया गया। इस दौरान एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर राष्ट्र ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत पीटी शो, डम्बल व देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमो का अवलोकन किया। एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सफीदों विधानसभा के विधायक रामकुमार गौतम बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और परेड की सलामी भी लेंगे।

परेड़ की सलामी लेते हुए एसडीएम पुलकित मल्होत्रा

उन्होंने कहा कि उपमंडल स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेने के लिए विभिन्न शिक्षण संस्थानों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों समेत अन्य गतिविधियों का अभ्यास करवाया जा चुका है। समारोह में परेड के लिए पुलिस प्रशासन की टुकड़ी सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों की टुकड़ियां शामिल होंगी। वहीं पीटी व डंबल शो के अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अनेक सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों की टीमें भाग लेंगी। समारोह के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित करती हुई झांकियां निकाली जाएगी तथा कार्यक्रम में युद्ध वीरांगाओ एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित  किया जाएगा।

सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करती हुईं छात्राएं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह को भव्य बनाने के लिए किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं रहनी चाहिए, अगर किसी चीज की जरूरत है तो समय रहते पूरी कर ली जाए, ताकि कार्यक्रम गरिमामय एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने आमजन से भी अपील करते हुए कहा कि वे भी इस राष्ट्रीय पर्व में अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करें और राष्ट्रीय पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाएं। इस मौके पर तहसीलदार राजेश गर्ग, मार्केट कमेटी सचिव देवी राम, उप निरीक्षक संदीप, पुलिस प्लाटून कमांडर अमित, सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र एवं छात्रायें मौजूद रहे।

Loading