सफीदों, (एस• के• मित्तल) : नगर के राजकीय महाविद्यालय के नव-निर्मित 12 कक्षीय भवन का उद्घाटन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया। इस मौके पर विधायक रामकुमार गौतम व कालेज प्राचार्या डॉ. सविता पुनिया विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षकगण और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सुधार और विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह नया भवन विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण प्रदान करेगा, जिससे उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की प्रगति की नींव होती है और सरकार इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस नए भवन से विद्यार्थियों को न केवल अधिक कक्षाएं उपलब्ध होंगी, बल्कि पढ़ाई का माहौल भी अधिक सुदृढ़ और व्यवस्थित होगा। अपने संबोधन में प्राचार्या डॉ. सविता पुनिया ने कहा कि 12 कक्षीय यह भवन महाविद्यालय के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और इससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में बड़ी सहायता मिलेगी।
![]()











