पूर्व मंत्री बचन सिंह आर्य ने अग्निकांड में मृतकों के परिवारों को बंधाया ढांढस

103
Safidon factory fire

दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और मुआवजे की उठाई मांग

सफीदों (एस• के• मित्तल) : सफीदों की गीता कॉलोनी में केमिकल रंग-गुलाल फैक्ट्री में लगी भीषण आग की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। इस दर्दनाक हादसे में कई महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कुछ मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और गम का माहौल है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद प्रदेश के पूर्व मंत्री बचन सिंह आर्य पीड़ित परिवारों से मिलने के लिए नगर के डिग्गी मोहल्ला पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। बचन सिंह आर्य ने इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाली महिलाओं की इस तरह दुखद मौत होना पूरे समाज के लिए बहुत बड़ा आघात है। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और चिंताजनक है तथा प्रशासन को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी निष्पक्ष और गहन जांच करानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस हादसे के पीछे जो भी जिम्मेदार लोग हैं, उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार को मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा देना चाहिए, ताकि इस कठिन समय में उन्हें कुछ आर्थिक सहारा मिल सके। पूर्व मंत्री ने कहा कि प्रशासन को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। बचन सिंह आर्य ने यह भी कहा कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए प्रशासन को कड़े कदम उठाने होंगे। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों की सख्ती से जांच और पालन कराने की जरूरत पर भी जोर दिया।

Loading