सफीदों अग्निकांड में मौत का आंकड़ा बढ़कर हुआ 11, एक ओर महिला की मौत

10
Safidon fire accident

सफीदों अग्निकांड में मौत का आंकड़ा बढ़कर हुआ 11, एक ओर महिला की मौत

सफीदों, (एस• के• मित्तल) : सफीदों अग्निकांड के मामले में मृतकों का आंकड़ा निरंतर बढ़ता चला जा रहा है। इस हादसे में झुलसी एक ओर महिला की रोहतक पीजीआई में सोमवार को मौत हो गई है। मृतक की पहचान कश्मीरी (40) निवासी शिव कालोनी सफीदों के रूप में हुई है। महिला की मौत का समाचार जैसे ही सफीदों पहुंचा तो क्षेत्र व परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतका अपने पीछे बीमार पति, 3 लड़कों व 2 लड़कियों को छोड़कर गई है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई जा रही है और परिवार मेहनत-मजदूरी करके अपना पालन-पोषण कर रहा है। मृतका का एक बेटा सड़क दुर्घटना में घायल है और उसका इलाज पीजीआई में चल रहा है। मृतक महिला मजदूरी करके जैसे-तैसे अपने परिवार का गुजारा कर रही थी। अब महिला की मौत के कारण परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस हादसे में अब तक 11 महिलाओं की मौत हो चुकी है।
बाक्स:
पुलिस ने एक ओर आरोपी को पकड़ा
इस मामले में पुलिस ने एक ओर आरोपी का काबू किया है। आरोपी को पुलिस ने गांव कुरड़ में रिहायशी इलाके के पास अवैध रूप से पटाखा फैक्ट्री चलाने के मामले में गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान सत्यनारायण निवासी शिव कालोनी सफीदों के रूप में हुई है। थाना सदर सफीदों के प्रभारी उप निरीक्षक राजेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि सफीदों 7 मार्च को हुए पटाखा फैक्ट्री हादसे के आरोपी ने गांव कुरड़ में भी एक अवैध फैक्ट्री संचालित की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पाया कि आरोपी गांव कुरड़ में भी मकान किराये पर लेकर अवैध रूप से पटाखों का निर्माण करते है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया और पाया कि एक फैक्ट्री बिना किसी कानूनी अनुमति और बिना किसी सुरक्षा मानकों के रिहायशी इलाके के पास चलाई जा रही थी। सफीदों शहर में हुए जानलेवा हादसे के बावजूद, भी आरोपियों ने इसमें सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए थे, जिससे गांव कुरड़ में भी भारी जानमाल के नुकसान का खतरा बना हुआ था। जिस पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके फैक्ट्री को नियमानुसार सील किया था। पुलिस ने आरोपी सत्यनारायण निवासी शिव कालॉनी सफीदों को गिरफ्तार करके अदालत में पेश करके एक दिन का पुलिस रिमाण्ड हासिल किया है।

Loading